📅 04 Oct 2026 📍 बस्तर • छत्तीसगढ़ का नं. 1 न्यूज़ नेटवर्क
⚡ ब्रेकिंग न्यूज़
बस्तर केसरी न्यूज़ पर पढ़ें बस्तर, जगदलपुर, दंतेवाड़ा, कांकेर और देश की ताजा हिंदी खबरें
होम / राजनीति / बाढ़ प्रभावित छात्रों के बीच पहुंचा भाजपा आर्थिक प्रकोष्ठ, 60 से अधिक बच्चों को बांटी शिक्षण सामग्री
राजनीति

बाढ़ प्रभावित छात्रों के बीच पहुंचा भाजपा आर्थिक प्रकोष्ठ, 60 से अधिक बच्चों को बांटी शिक्षण सामग्री

📅 04 Oct 2026, 11:01 AM ✍️ Admin 👁 5,244 Views ⏱️ 2 मिनट पठन
बाढ़ प्रभावित छात्रों के बीच पहुंचा भाजपा आर्थिक प्रकोष्ठ, 60 से अधिक बच्चों को बांटी शिक्षण सामग्री

संतोष यादव

जगदलपुर। बस्तर में हाल ही में आई भीषण बाढ़ से प्रभावित परिवारों की मदद के लिए भाजपा आर्थिक प्रकोष्ठ ने मानवीय पहल करते हुए डोंगाघाट क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित विद्यार्थियों के बीच शिक्षण सामग्री का वितरण किया। कार्यक्रम में 60 से अधिक बच्चों को स्कूल बैग, कॉपी-नोटबुक, रजिस्टर, पेन, पेंसिल, कंपास सहित अन्य आवश्यक सामग्री वितरित की गई।

यह कार्यक्रम छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष रूप सिंह मंडावी एवं भाजपा बस्तर जिला अध्यक्ष वेद प्रकाश पांडेय की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित किया गया। दोनों अतिथियों ने अपने हाथों से विद्यार्थियों को शिक्षण सामग्री वितरित की।

गौरतलब है कि विगत दिनों बस्तर में हुई भारी बारिश के कारण जगदलपुर शहर एवं जिले की अनेक निचली बस्तियां जलमग्न हो गई थीं। नदी-नालों में जलस्तर बढ़ने से कई क्षेत्रों में बाढ़ की स्थिति निर्मित हो गई थी। इस प्राकृतिक आपदा में अनेक परिवारों के घरों के साथ-साथ बच्चों की किताबें, कॉपियां, नोटबुक एवं अन्य शिक्षण सामग्री भी बाढ़ के पानी में नष्ट हो गई थी।

बाढ़ प्रभावित विद्यार्थियों की इस समस्या को देखते हुए भाजपा आर्थिक प्रकोष्ठ द्वारा डोंगाघाट क्षेत्र में शिक्षण सामग्री वितरण का निर्णय लिया गया। इस दौरान आंगनबाड़ी, प्राथमिक, माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक स्तर के विद्यार्थियों को उनकी आवश्यकता के अनुसार सामग्री प्रदान की गई। कार्यक्रम के अंत में बच्चों के बीच बिस्किट का भी वितरण किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

सरकार के राहत कार्यों की सराहना

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रूप सिंह मंडावी एवं वेद प्रकाश पांडेय ने बाढ़ के दौरान राज्य शासन, जिला प्रशासन, नगर निगम प्रशासन तथा स्थानीय सामाजिक संगठनों द्वारा किए गए त्वरित राहत एवं बचाव कार्यों की सराहना की।

उन्होंने कहा कि भाजपा की ट्रिपल इंजन सरकार ने बस्तर में आई इस प्राकृतिक आपदा के दौरान हर स्तर पर सक्रियता दिखाते हुए प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने और उन्हें आवश्यक राहत उपलब्ध कराने में कोई कसर नहीं छोड़ी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिए राहत राशि भी शीघ्र जारी की जा रही है, जिससे प्रभावित परिवार अपने क्षतिग्रस्त घरों एवं आशियानों का पुनर्निर्माण और जीर्णोद्धार कर सकेंगे।

आर्थिक प्रकोष्ठ के प्रदेश सह-संयोजक मनीष पारख ने कहा कि बस्तर में आई इस प्राकृतिक आपदा के बीच भाजपा आर्थिक प्रकोष्ठ जनसेवा के कार्यों में सक्रियता से अपनी भूमिका निभा रहा है।

हम लगातार ऐसे बाढ़ प्रभावित बच्चों को चिन्हित कर रहे हैं, जिनकी पाठ्य-पुस्तकें एवं पठन सामग्री बाढ़ में नष्ट या क्षतिग्रस्त हुई है। सर्वे के माध्यम से ऐसे बच्चों तक आवश्यक पाठ्य सामग्री पहुँचाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि आपदा के कारण उनकी पढ़ाई प्रभावित न हो।

जिला संयोजक अविनाश जैन ने कहा कि जिला आर्थिक प्रकोष्ठ के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता समाज के विभिन्न संगठनों से जुड़ कर आपदा के समय सभी ने अपना अमूल्य योगदान दिया और उन्होंने कहा है कि इस आपदा की वजह से प्रभावित गावों को चिन्हकित कर आगे सहयोग किया जाता रहेगा, विशेष तौर पर छात्रों के शिक्षण सामग्री का सहयोग आर्थिक प्रकोष्ठ की प्रथम प्राथमिकता है। इस अवसर पर कार्यक्रम का संचालन और धन्यवाद ज्ञापन परमेश राजा ने किया।

ये रहे उपस्थित

कार्यक्रम में भाजपा जिला उपाध्यक्ष नरसिंह राव, जिला उपाध्यक्ष (महिला) ललित बघेल, जिला उपाध्यक्ष (महिला) राम कुमारी यादव, जिला महिला मोर्चा अध्यक्ष माहेश्वरी ठाकुर, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राजू बोथराजी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य शिरीष मिश्रा, जिला संयोजक आर्थिक प्रकोष्ठ अविनाश जैन, जिला सह-संयोजक परमेश राजा सहित आर्थिक प्रकोष्ठ के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

संबंधित खबरें (Related Stories)

↑ ☏
🏠
होम
🔥
ट्रेंडिंग
➕
खबर डालें
🔴
Live TV
👤
प्रोफाइल